Uncategorized

5 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी धारा-163 की निषेधाज्ञा, त्योहारों और परीक्षाओं को लेकर डीएम ने जारी किया आदेश

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। दीपावली, हनुमान जयंती, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा सहित आगामी त्योहारों तथा जनपद में आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत जनपद में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होकर 5 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, आगामी पर्वों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही असामाजिक और अवांछनीय तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना आवश्यक है। इसके अलावा विभिन्न परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने धारा-163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश पारित किया है। आदेश जनपद जौनपुर की संपूर्ण सीमा में लागू होगा। इसके दायरे में जिले में निवास करने वाले लोगों के साथ ही बाहर से जनपद में प्रवेश करने वाले व्यक्ति भी शामिल होंगे।
प्रशासन का उद्देश्य आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

Related Articles

Back to top button