Uncategorized

कप्तानगंज सीएचसी में डॉक्टरों की गैरमौजूदगी से मरीज परेशान, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

दिवाकर द्विवेदी
तहसील रिपोर्टर कप्तानगंज

सुबह 11 बजे तक कुछ चिकित्सकों के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने का आरोप, मरीजों को करना पड़ा इंतजार

कुशीनगर (कप्तानगंज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे तक कुछ चिकित्सक अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं थे। इसके चलते अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यदि निर्धारित समय पर चिकित्सक ही अस्पताल में मौजूद नहीं रहेंगे तो मरीजों को समय से उपचार कैसे मिल पाएगा? अस्पताल पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को डॉक्टरों के इंतजार में भटकना पड़ रहा है।

इस स्थिति को लेकर आम लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या अस्पताल प्रशासन द्वारा नियमित रूप से ड्यूटी की निगरानी की जा रही है? यदि चिकित्सक निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं तो उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है?

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल में चिकित्सकों की उपस्थिति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button