Uncategorized

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के फॉर्म जमा करने की तिथि बढ़ी, अब 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

19 दिसंबर को प्रस्तावित है जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 25 नवंबर तक कैंप कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं आवेदन फॉर्म

दीनदयाल पाण्डेय
मंडल क्राइम ब्यूरो गोरखपुर

पडरौना (कुशीनगर)। निजी प्रबंध अशासकीय विद्यालय कल्याण समिति उत्तर प्रदेश की कुशीनगर इकाई के बैनर तले रविवार, 22 नवंबर 2026 को संगठन के कैंप कार्यालय न्यू सन राइज एकेडमी, रामकोला रोड पडरौना में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी माह में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है। यह निर्णय संगठन के जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह की सहमति से लिया गया। प्रतियोगिता की संभावित तिथि 19 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

बैठक को मुख्य रूप से चंद्रभान मौर्य, अजय श्रीवास्तव, रंजीत लाल श्रीवास्तव, जाताशंकर गुप्ता, श्रीमती मंजू राय, नचिकेता भट्ट, राकेश राय एवं महेंद्र दीक्षित ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक विद्यालयों और छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। बैठक का संचालन संगठन के मीडिया प्रभारी नवल किशोर त्रिपाठी ने किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने जनपद के सभी संगठन सदस्यों, विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालय के सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के आवेदन फॉर्म 30 नवंबर 2026 तक संगठन के कैंप कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र भी अवश्य प्राप्त कर लें।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी होने से प्रतियोगिता के आयोजन की तिथि को अंतिम रूप देने के साथ ही पुरस्कार वितरण की तिथि भी तय करने में सुविधा होगी। जिन विद्यालयों को अभी तक आवेदन फॉर्म उपलब्ध नहीं हो सका है, वे 25 नवंबर 2026 तक संगठन के कैंप कार्यालय से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक सहयोग देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button