Uncategorized

महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में नव वर्ष मेला को लेकर पीस कमेटी बैठक, शांति-सुरक्षा पर विशेष जोर

कुशीनगर। महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में नव साल के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मेले की व्यवस्थाओं एवं शांति-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कसया तथा क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में नगर के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नव वर्ष के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु एवं पर्यटक कुशीनगर पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपजिलाधिकारी कसया ने कहा कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रशासन का सहयोग करते हुए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
वहीं क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी मेले के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। स्थानीय व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और पार्किंग की उचित व्यवस्था कराने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिलाया गया कि नव वर्ष मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक कुशीनगर की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुभव बिना किसी परेशानी के कर सकें।

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

Related Articles

Back to top button