Uncategorized

स्व. पाण्डेय की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों को कंबल वितरण, डीएम ने किया शुभारंभ

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। स्वर्गीय नित्यानंद पाण्डेय की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर अमरावती ग्रुप, लखनऊ की ओर से जरूरतमंद नागरिकों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 9 जनवरी 2026 को नगर के हरदीपुर स्थित निजी निवास पर संपन्न हुआ, जहां कड़ाके की ठंड में गरीब और असहाय लोगों को राहत पहुंचाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने वालों के साथ ईश्वर भी खड़ा होता है। समाज के कमजोर वर्ग की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने अमरावती ग्रुप के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

कंबल वितरण कार्यक्रम स्व. पाण्डेय की स्मृति को समर्पित रहा। आयोजकों ने बताया कि स्व. पाण्डेय का जीवन सेवा, सादगी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा, उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अमरावती ग्रुप के निदेशक द्वय रजनीकांत मिश्र एवं रवि प्रकाश मिश्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक एवं हरदीपुर प्रधान राम प्रकाश (मुन्ना पाण्डेय) ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद नागरिकों को कंबल वितरित किए गए। आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। अंत में स्व. नित्यानंद पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button