घुघली में चार दिवसीय ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
महराजगंज के घुघली स्थित स्वर्गीय लालाराम केशर नारंग खेल मैदान में रविवार को चार दिवसीय ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पनियरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। वे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।

उद्घाटन समारोह से पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और विधायक ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पीपीगंज और झारखंड की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए खेल मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
यह ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता टाउन क्लब घुघली के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति में नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल, समाजसेवी अनिल जायसवाल, सभासद सुधीर यादव, मान सिंह, दीपक यादव, दिवाकर नाथ तिवारी, अजय श्रीवास्तव, दुर्गेश जायसवाल, मनोज सागर, मनीष जायसवाल, जे.पी. यादव, मोहम्मद समसाद, अमित जायसवाल, कनक बिहारी और राहुल जायसवाल शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से टीमें भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता से स्थानीय युवाओं को उच्च स्तरीय फुटबॉल देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।