जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने राजेश कुमार उपाध्याय को सरस्वती प्रतिमा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया
घुघली 02 सितंबर 2026, राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक श्री राजेश कुमार उपाध्याय को आज जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने श्री राजेश कुमार उपाध्याय को सरस्वती प्रतिमा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सेवाओं और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जनपद महराजगंज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगाँव, घुघुली के सहायक अध्यापक श्री राजेश कुमार उपाध्याय का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार हेतु हुआ है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि “जनपद महराजगंज के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगाँव, घुघुली के सहायक अध्यापक श्री राजेश कुमार उपाध्याय का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार हेतु हुआ है। यह सम्मान आपके नवोन्मेषी प्रयासों, अथक परिश्रम और नौनिहालों के भविष्य के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। आपकी यह उपलब्धि जनपद के समस्त शिक्षकों के लिए प्रेरणापुंज है और यह सिद्ध करती है कि निष्ठापूर्वक किया गया कार्य अवश्य ही उत्कर्ष को प्राप्त होता है।”
श्री राजेश कुमार उपाध्याय की नियुक्ति वर्ष 1992 में प्राथमिक विद्यालय बड़हरा, घुघली में हुई। नियुक्ति के समय से ही उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं समानता को अपनी प्राथमिकता बनाया। वर्ष 1993 में अभिभावकों से संपर्क एवं समाज के सहयोग से विद्यालय में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के लिए गणवेश की व्यवस्था सुनिश्चित की।
वर्ष 2003 में पदोन्नति के बाद उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौमुखा में कार्यभार ग्रहण किया तथा वर्ष 2004 से 2010 तक संकुल प्रभारी के रूप में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नामांकन एवं विद्यार्थियों के ठहराव पर विशेष ध्यान दिया। वर्ष 2011 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगाँव में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के समय विद्यालय में मात्र 34 विद्यार्थी थे। अभिभावकों से निरंतर संपर्क, समय सारणी के अनुसार कक्षा शिक्षण, गृहकार्य एवं उसकी नियमित जांच जैसे प्रयासों से छात्र संख्या बढ़कर 130 तक पहुंची।
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से उन्होंने विद्यालय समय से पूर्व एवं बाद में निःशुल्क कोचिंग शुरू की। इसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में सफलता प्राप्त की। विज्ञान के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों की रुचि विकसित की गई, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शिक्षा के साथ खेलकूद के लिए भी श्री उपाध्याय ने छात्रों को प्रेरित किया जिसके परिणामस्वरूप विद्यालय के विद्यार्थियों ने कई वर्षों से जनपद स्तर पर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त कर मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया है। कोविड-19 काल में भी श्री उपाध्याय ने विभागीय निर्देशों के अनुरूप घर-घर जाकर बच्चों को शिक्षा प्रदान की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सुरजीत कुमार सिंह ने भी श्री उपाध्याय के शिक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए उनका चयन अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा देगा।


घुघली समाचार