Uncategorized

50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

सरकारी पिस्टल छीनकर भागने के बाद पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

कुशीनगर, 31 अगस्त। थाना तरयासुजान क्षेत्र में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के कब्जे से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस और आठ जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तरयासुजान में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी बिन्दवलिया, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज, बिहार को 30 अगस्त को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया था। कुछ समय बाद अभियुक्त ने पेट में तेज दर्द होने की बात कही, जिसके बाद उसे उपचार के लिए उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह और कांस्टेबल रुपेश यादव की निगरानी में अस्पताल ले जाया जा रहा था।
पुलिस का आरोप है कि रास्ते में अभियुक्त बहाना बनाकर वाहन से उतरा और उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह की होलिस्टर से सरकारी पिस्टल निकालकर उसे कॉक कर पुलिसकर्मी पर तान दिया। इसके बाद वह मौके से भागने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तरयासुजान, थाना तमकुहीराज और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने झड़वा रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस और आठ जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में थाना तरयासुजान, थाना तमकुहीराज और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मुख्य बिंदु:
50 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक सरकारी पिस्टल छीनकर भागा था अभियुक्त
पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप
सरकारी पिस्टल, 01 खोखा और 08 जिंदा कारतूस बरामद

Related Articles

Back to top button