विवाहिता ने नहर में लगाई छलांग, पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई जान
सिंदुरिया आज स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में ससुराल से मायके आई एक 22 वर्षीय विवाहिता ने गुरुवार को सिंदुरिया चौराहे के पास देवरिया ब्रांच की शाखा नारायणी नहर में छलांग लगा ली।जिससे महिला को नहर में कूदता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नहर से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार विकास खण्ड मिठौरा के ग्राम सभा बसवार दुबे निवासी राजीव मौर्य की पुत्री अन्नू मौर्य उम्र (22) की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व नेपाल के नवलपरासी जिले के सरजुगंज निवासी उपेश के साथ हुई थी। उसके ससुर का नाम परशुराम और देवर का नाम कृष्णा है। महिला कुछ समय पहले ससुराल से मायके आई थी। इसी दौरान किसी कारणवश उसने गुरुवार को सिंदुरिया चौराहा से सिसवा नहर मार्ग स्थित नहर के पुल से पानी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के प्रयास से महिला को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगदौर ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल महराजगंज के लिए रेफर कर दिया।महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

सिंदुरिया थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि
महिला के इस कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।