आजाद समाज पार्टी ने मनाया मान्यवर कांशीराम साहब का परिनिर्वाण दिवस, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
संवाददाता मुस्ताक अहमद
घुघली समाचार


हाटा (कुशीनगर)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय पगरा, हाटा में बहुजन समाज के महान नेता मान्यवर श्री कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संगठन मंत्री रहमत भाई ने की। इस दौरान उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुशीनगर के जिला प्रभारी डॉ. एनके वर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला प्रभारी ताज मोहम्मद, जिला उपाध्यक्ष मुश्ताक अहमद, यूथ जिला अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, हाटा विधानसभा अध्यक्ष अर्जुन भारती तथा भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष अनिल गौतम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने बहुजन समाज में सामाजिक और राजनीतिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार और मिशन आज भी समाज को जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों और उनके सामाजिक परिवर्तन के मिशन को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान बहुजन एकता, सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला संगठन मंत्री रहमत भाई ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने “मान्यवर श्री कांशीराम साहब अमर रहें”, “बाबा साहब अमर रहें”, “जय भीम, जय कांशीराम” और “जय भीम, जय संविधान” के नारे लगाकर बहुजन एकता का संदेश दिया।