महराजगंज। जनपद महराजगंज के निचलौल वन रेंज अंतर्गत ग्राम सभा मेघौली कला के सिवान में आम और
सागौन के पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। मौके से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में काटे गए पेड़ों के मोटे तने, लकड़ियों के ढेर और पेड़ों के ठूंठ दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि वन विभाग द्वारा जितने पेड़ों की कटान का परमिट जारी किया गया था, उससे अधिक पेड़ों को काट दिया गया है।
इस कथित अवैध कटान से क्षेत्र के पर्यावरण और हरित आवरण को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वायु शुद्ध करने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में परमिट की आड़ में निर्धारित संख्या से अधिक पेड़ों की कटान का आरोप गंभीर सवाल खड़े करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि परमिट से अधिक पेड़ों की कटान हुई है तो इसकी निगरानी कर रहे जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या मौके पर परमिट के अनुसार पेड़ों की संख्या और कटान की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया गया था?

