Uncategorized

ओमप्रकाश ‘बाबा’ दूबे संकट में पड़े समाजवादी कार्यकर्ता के मदद में आए आगे

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर।बदलापुर। राजनीति में पद और टिकट की दावेदारी से बड़ा होता है इंसानियत का रिश्ता। समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए संघर्ष के दिनों में उनके साथ खड़ा होना ही सच्चे समाजवाद की पहचान है। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में ओमप्रकाश ‘बाबा’ दूबे ने कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश किया है। पार्टी के दो समर्पित कार्यकर्ताओं के परिवारों पर आए संकट में उन्होंने आर्थिक मदद का हाथ बढ़ाकर यह संदेश दिया है कि राजनीति केवल चुनावी महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि रिश्तों को निभाने और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने का नाम भी है।
मोलनापुर निवासी स्वर्गीय सभाजीत यादव की बेटी की शादी के लिए बाबा दूबे ने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, गंभीर बीमारी से जूझ रहे गौरी शंकर यादव के इलाज के लिए अब तक करीब चार लाख रुपये की मदद कर चुके हैं। गौरी शंकर का उपचार लखनऊ के वेदांता अस्पताल में चल रहा है। खास बात यह है कि उनका उपचार अभी जारी है और बाबा दूबे ने उनके संपूर्ण इलाज का खर्च उठाने का संकल्प भी लिया है, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी सूरत में उनकी जिंदगी बचाने के प्रयासों के आड़े न आए।
बाबा दूबे का कहना है कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय भीड़ जुटाने या नारे लगाने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह पार्टी की असली ताकत और परिवार का हिस्सा है। जब किसी कार्यकर्ता के घर में बेटी की शादी हो या परिवार का कोई सदस्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा हो, तब उसके साथ खड़ा होना हमारा नैतिक और मानवीय दायित्व है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में पद, प्रतिष्ठा और टिकट मिलना अलग बात है, लेकिन किसी जरूरतमंद के काम आना और संकट में उसका हाथ थामना कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। जिन कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन पार्टी और समाजवादी विचारधारा के लिए समर्पित किया है, उनके परिवारों को मुश्किल समय में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
बदलापुर की मौजूदा सियासत में जहां विधानसभा टिकट को लेकर कई चेहरे अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं, वहीं बाबा दूबे के इस मानवीय कदम की चर्चा भी तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि चुनावी मैदान में अपनी ताकत दिखाने वाले दावेदारों के बीच संकट की घड़ी में कार्यकर्ताओं के परिवारों का सहारा बनने के लिए कितने लोग आगे आए?
बाबा दूबे ने अपने सहयोग के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि समाजवाद केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान तभी सार्थक है, जब उनके परिवार की परेशानी को भी अपनी परेशानी समझा जाए।
फिलहाल, बदलापुर विधानसभा का टिकट किसे मिलेगा, यह समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। लेकिन बाबा दूबे के इस सहयोग ने सियासी चर्चा के बीच एक मानवीय सवाल जरूर खड़ा कर दिया है—नेतृत्व की पहचान टिकट की दावेदारी से होती है या संकट में अपनों का हाथ थामने से?

Related Articles

Back to top button