Uncategorized

अवध शुगर मिल के बॉयलर का विधि-विधान से पूजन, जीएम बोले- किसान धैर्य रखें, जल्द शुरू होगी मिल

*संवाददाता सिरजेश यादव *
हाटा (कुशीनगर)। हाटा स्थित अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र की तैयारियों के क्रम में बॉयलर का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया। आचार्य एवं पंडितों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान मिल परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर सफल एवं निर्विघ्न पेराई सत्र की कामना की।
इस अवसर पर चीनी मिल के महाप्रबंधक आरके गुप्ता ने क्षेत्र के गन्ना किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान भाई परेशान न हों, आपकी अपनी चीनी मिल बहुत जल्द चालू होने जा रही है। किसान अपना गन्ना औने-पौने दाम पर न बेचें और मिल के संचालन का इंतजार करें। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मिल जल्द शुरू होगी, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए उचित व्यवस्था मिल सकेगी।
जीएम आरके गुप्ता ने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन आगामी पेराई सत्र को लेकर तैयारियों में जुटा है। बॉयलर पूजन इसी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मिल का संचालन शुरू होने से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को लाभ मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
बॉयलर पूजन कार्यक्रम में आचार्य एवं पंडितों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मिल की उन्नति, सफल पेराई सत्र, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में चीनी मिल के जीएम आरके गुप्ता, राजेश गुप्ता, सुशील बालियान, अमित अग्रवाल, फरहान शाहिद, अंकुर श्रीवास्तव, डीडी सिंह, रविन्द्र पाण्डेय और आलोक बांग्ला सहित सैकड़ों अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
किसानों की निगाहें मिल चालू होने पर
अवध शुगर मिल के बॉयलर पूजन के बाद क्षेत्र के गन्ना किसानों में मिल के संचालन को लेकर उम्मीद जगी है। किसानों के लिए मिल का जल्द चालू होना महत्वपूर्ण है। ऐसे में जीएम आरके गुप्ता की किसानों से की गई अपील और जल्द मिल शुरू होने के भरोसे को क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button