Uncategorized

कप्तानगंज पुलिस ने चोरी का आयशर ट्रक किया बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

क्रेन से ट्रक उठाकर निकाल लेते थे कीमती पार्ट्स, फर्जी रिकवरी एजेंट बनकर करते थे चोरी का खेल

संवाददाता राहुल विश्वकर्मा
घुघली समाचार G NEWS

कप्तानगंज (कुशीनगर)। थाना कप्तानगंज पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी गए आयशर ट्रक को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार और क्रेन को भी सीज कर दिया है। बरामद ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रांजल पाण्डेय का आयशर ट्रक संख्या UP53JT8314 कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर के आगे पेट्रोल पंप के पास से चोरी हो गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 437/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इसी क्रम में 17 नवंबर को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त की निशानदेही पर टेकुआटार स्थित धर्मकांटा के पास से चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया। मौके पर पहुंचे वाहन स्वामी ने ट्रक की पहचान अपनी गाड़ी के रूप में की।

पुलिस ने इस मामले में हरिओम मद्धेशिया (26 वर्ष), पुत्र रामसनेही मद्धेशिया, निवासी परवरपार, थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त काले रंग की क्रेटा कार संख्या UP52BL0308 और क्रेन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

फर्जी रिकवरी एजेंट बनकर करते थे वाहनों की चोरी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से वाहन चोरी करता था। गिरोह के सदस्य मोबाइल ऐप के जरिए सड़क किनारे खड़े ट्रकों की जानकारी जुटाते थे और बैंक या फाइनेंस कंपनी का कर्ज बकाया होने वाले वाहनों को निशाना बनाते थे। इसके बाद खुद को रिकवरी एजेंट या बीमा कंपनी का कर्मचारी बताकर क्रेन संचालकों को विश्वास में लेते थे और बिना वाहन मालिक की अनुमति के ट्रकों को क्रेन से उठवा लेते थे।

इसके बाद सुनसान स्थानों पर वाहनों को खड़ा कर उनकी बैटरी, एक्सल, शीशे समेत अन्य कीमती पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच देते थे। शेष वाहन को कटवाकर उसके पुर्जे बेचने का काम किया जाता था। पुलिस के अनुसार, इसी तरीके से चोरी किए गए आयशर ट्रक के महत्वपूर्ण पार्ट्स भी निकालकर बेचे गए थे।

इन धाराओं में बढ़ोतरी

पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 318(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य सहयोगियों के संबंध में जांच जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय तथा कांस्टेबल अभिषेक सिंह, अभिषेक यादव, अरविन्द यादव, सौरभ सिंह और मुकेश कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button