Uncategorized

जनसमस्याओं का समाधान और विकास पहली प्राथमिकता : डीएम उमेश मिश्रा

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। जिले के नवागत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार देर रात कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जनपद का समग्र विकास, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा।
कार्यभार संभालने के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी ने पूर्वांचल के प्रसिद्ध आस्था केंद्र माता शीतला चौकियां धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर चर्चा करते हुए जनपदवासियों से मतदाता सूची में अपना नाम और दर्ज विवरण जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवा, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और छात्र समूहों का भी सहयोग लिया जाएगा।
जनगणना में सहयोग की अपील
नवागत जिलाधिकारी ने जनगणना के कार्य में भी आमजन से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं सहभागिता से ही विकास कार्यों को गति दी जा सकती है और सुशासन को मजबूत बनाया जा सकता है।
मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के संज्ञान में लाने और जिले के विकास में सकारात्मक सहयोग करने की अपेक्षा भी जताई।

Related Articles

Back to top button