जौनपुर में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के नेतृत्व में निकली भव्य जन एकता यात्रा, युवाओं की दिखी भारी भागीदारी
संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से भव्य जन एकता यात्रा निकाली गई। पूर्व सांसद एवं राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक धनंजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ समेत बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
लगातार तीसरे वर्ष आयोजित जन एकता यात्रा का शुभारंभ मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज से हुआ। यात्रा चहारसू चौराहा, ओलंदगंज, जेसीज चौराहा और टीडी कॉलेज होते हुए महाराणा प्रताप व्यायामशाला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस दौरान धनंजय सिंह ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं का संगठित और जागरूक होना समय की मांग है। जन एकता यात्रा का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर लाना, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करना तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।
उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक कार्यों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा और जागरूक समाज ही सशक्त भारत की मजबूत नींव हैं। साथ ही संविधान के मूल्यों, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना का सम्मान करने पर भी जोर दिया।
अंत में धनंजय सिंह ने यात्रा में शामिल एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, युवाओं, वरिष्ठजनों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन एकता यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि युवा शक्ति को एकजुट कर सामाजिक बदलाव और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है।