भटिंडा में सड़क हादसे में महराजगंज के जवान की दर्दनाक मौत, गांव पहुंचा पार्थिव शरीर तो उमड़ा जनसैलाब
ड्यूटी से लौटते समय तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, आर्मी अस्पताल में तोड़ा दम; पत्नी और तीन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

परतावल/महराजगंज। पंजाब के भटिंडा में ड्यूटी से लौट रहे भारतीय सेना के हवलदार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जवान की असामयिक मौत की खबर मिलते ही महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा खादर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिपरा खादर गांव निवासी बसंत निषाद के पुत्र दीपक निषाद (36 वर्ष) भारतीय सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब के भटिंडा में थी। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आर्मी कैंप में रहते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब आठ बजे दीपक ड्यूटी पर गए थे। रात लगभग 10 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान डायवर्जन के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे सेना के साथियों ने उन्हें तत्काल आर्मी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दीपक अपने पीछे पत्नी रेणु, दो बेटे आशीष (11 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) तथा दो वर्षीय बेटी दीपा को छोड़ गए हैं। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पार्थिव शरीर लेने के लिए उनके भाई जगन्नाथ और राकेश सहित रिश्तेदार सुनील भटिंडा रवाना हुए थे।
गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, भारत माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही जवान दीपक निषाद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पिपरा खादर पहुंचा, पूरा गांव अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। इस दौरान भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों ने नम आंखों से जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
इस दुखद घड़ी में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, सुमन ओझा, राजेश निषाद, अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, आनंद निषाद, विशाल ओझा तथा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शमशाद आलम सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
देश की सेवा में समर्पित जवान दीपक निषाद की इस तरह असमय मौत ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता के कंधों पर बच्चों के सुनहरे भविष्य की जिम्मेदारी थी, आज उन्हीं बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। गांव में हर तरफ मातम पसरा है और परिवार का करुण क्रंदन हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
महराजगंज की धरती के इस सपूत के निधन से पूरा क्षेत्र मर्माहत है।
घुघली समाचार