“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” की थीम पर मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस
महराजगंज कोल्हुई में स्थित मदर मरियम ग्लोबल स्कूल में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी विश्व पृथ्वी दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पृथ्वी दिवस का थीम ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ है, जो अक्षय ऊर्जा की तत्काल आवश्यकता पर बल देती है। हमारा विद्यालय भी अक्षय ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में शामिल होने के लिए प्रतिबद्ध है। छात्र-छात्राओं ने अपने भाषण तथा नाटक के माध्यम से पर्यावरण को संरक्षित करने तथा वृक्षों को काटने से रोकने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रबंधक इं. समीर अधमी ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपनी पृथ्वी एवं पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। देश एवं दुनिया को हरा भरा देखने की चाह रखने वाले इं. अधमी ने विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावकों को यह संदेश दिया कि फसलों की कटाई के बाद पराली न जलाएँ तथा प्लास्टिक के थैलों का प्रयोग न करें। प्रधानाचार्या हर्षलता शर्मा ने बताया कि स्वच्छ वातावरण से ही हम निरोगी जीवन प्राप्त कर सकते हैं, इसलिए पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए विद्यालय में वृक्षारोपण, कपड़ो के थैले बनाना, पोस्टर बनाने के साथ ही अनेक प्रकार के क्रियाकलापों को संपन्न कराया गया। इस दौरान उप प्रधानाचार्य अमित अग्रवाल, समन्वय राणा प्रताप , फरहाद,अब्दुर्रहमान सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
