Uncategorized

वृद्धा महिला की हत्या के मामले में पिता-पुत्र व बहू गिरफ्तार

बदलापुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कछौरा गांव में बुधवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिता-पुत्र व बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे विजय बहादुर यादव और केदारनाथ यादव के परिवार के बीच उपली पाथने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें केवला देवी (80) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पारसनाथ यादव को भी गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस ने इस मामले में मु.अ.सं. 156/2025 धारा 103(1)/191(2)/191(3)/118(1)/333/115(2)/352/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुन्तजर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार की सुबह रजनीपुर हाईवे के पास से सुधांशु उर्फ सुनील, उसके पिता केदारनाथ यादव और पत्नी शिवानी यादव, तीनों निवासी ग्राम कछौरा, को घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे सहित गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में का. रामविलास यादव, का. अभिषेक सिंह और महा.आ. प्रिया शर्मा शामिल रही। पुलिस ने तीनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button