घुघली में जेसीबी से अवैध खननः कोटिया धुस पर पीली रेत का कारोबार, प्रशासन मौन
महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के कोटिया धुस पर खनन माफियाओं द्वारा जेसीबी मशीनों से अवैध खनन किया जा रहा है। दिन-रात चल रहे इस खनन से राजस्व विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध कारोबार अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा है।

पिछले कई दिनों से कोटिया धुस पर लगातार जेसीबी मशीनों से पीली रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, दिनदहाड़े जेसीबी से रेत खोदकर डंपरों में भरकर महंगे दामों पर बेची जा रही है। इससे सरकार को भारी राजस्व क्षति हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि माफिया जेसीबी मशीनों से लगभग दस फीट गहराई तक खनन कर रहे हैं, जबकि उनके पास इतनी गहराई तक खनन करने का कोई परमिट नहीं है। बिना किसी रोक-टोक के माफियाओं द्वारा पीली रेत के अवैध खनन और बिक्री का यह गोरखधंधा धड़ल्ले से जारी है, जो स्थानीय प्रशासन के लिए एक चुनौती बना हुआ है।