Uncategorized

रेलवे ढाला पर बढ़ती जाम की समस्या से लोग परेशान

( )घुघली में स्थित रेलवे ढाला पर जाम की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए यह समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन रेलवे ढाला के बार-बार और लंबे समय तक बंद रहने से सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है।

लोगों का कहना है कि ढाला बंद होने के बाद लगभग आधा घंटा तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार तो यह कतारें मुख्य बाजार से चौरहा तक पहुंच जाती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का यातायात अवरुद्ध हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी उन छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को होती है जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना होता है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को अब सीधे तौर पर हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। जैसे ही ढाला खुलता है, दोनों ओर वाहनों की भीड़ अनियंत्रित हो जाती है। ऐसे में पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम हटाने में सहयोग करती है। पुलिसकर्मियों के अनुसार, लोग नियमों का पालन नहीं करते और ढाला खुलते ही आगे बढ़ने की होड़ मच जाती है, जिसकी वजह से जाम और अधिक बढ़ता है।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जाम के कारण उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। ग्राहक सड़क पर फंसे रहते हैं और कई बार खरीदारी किए बिना ही वापस लौट जाते हैं। वहीं, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी भारी बाधाओं का सामना करना पड़ता है।

नगरवासियों ने रेलवे विभाग और प्रशासन से मांग की है कि घुघली रेलवे ढाला पर या तो ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए या फिर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए स्थायी समाधान लागू किया जाए, ताकि लोगों को इस रोजमर्रा की समस्या से राहत मिल सके।

जाम से त्रस्त जनता का कहना है कि यदि स्थिति इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

Related Articles

Back to top button