महराजगंज, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज सिसवा और महराजगंज नगर पालिका परिषद द्वारा उपवन योजना के अंतर्गत तैयार किए गए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मियावाकी वन विकसित करते समय देशज प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से कोविदार, पलाश, कचनार जैसी स्थानीय प्रजातियों को अधिकाधिक मात्रा में रोपित करने के निर्देश दिए, जिससे प्राकृतिक जैव विविधता को बढ़ावा मिले और वन तेजी से विकसित हो सके।
जिलाधिकारी महोदय ने मियावाकी वन की फेंसिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि पौधों को सुरक्षित वातावरण मिले और वे प्राकृतिक तरीके से विकसित हो सकें। साथ ही उन्होंने बागबानी के तहत मौसमी पौधों और फूलों को भी रोपित करने पर जोर दिया, जिससे पार्क का सौंदर्य बढ़े और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके। इसके अतिरिक्त पार्क क्षेत्र में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था और पर्याप्त ओपन स्पेस विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना नागरिकों के स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपवन योजना का मुख्य उद्देश्य हरित क्षेत्र में वृद्धि करके पर्यावरण संतुलन बनाना और शहरी तापमान में कमी लाना है।
नगर पालिका सिसवा में 108.87 लाख और महराजगंज में 109.45 लाख रुपए की लागत से शहरी उपवन तैयार करने की योजना है, ताकि शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और अर्बन हीट आइलैंड प्रभाव को कम किया जा सके