Uncategorized

घुघली थाना क्षेत्र के पचरुखिया निवासी शेरू प्रजापति को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

ज़ी न्यूज
महराजगंज, गोरखपुर के महायोगी गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित योगासन प्रतियोगिता में घुघली ब्लॉक के पचरुखिया तिवारी स्थित किशोरी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज के कक्षा 8 के छात्र शेरू प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय और जनपद गर्व महसूस कर रहे हैं।

महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित इस योग प्रतियोगिता में शेरू प्रजापति ने कनिष्ठ वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह कीर्तिमान स्थापित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शेरू को प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शेरू शुरू से ही योग और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में विशेष रुचि रखते हैं। उनकी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें यह सफलता दिलाई।

प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में पश्चिमोत्तानासन, भुजंगासन, चक्रासन, उत्तानासन, कुक्कुटासन, मत्स्यासन, वक्रासन, मयूरासन, नौकासन, शलभासन और हास्यासन सहित विभिन्न योगासन निर्धारित थे।

विद्यालय के प्रबंधक देवी पांडेय ने कहा कि छात्र की यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो ग्रामीण क्षेत्र का हर बच्चा प्रदेश और देश स्तर तक अपनी पहचान बना सकता है।

शिक्षक जे. पी. सिंह, रघुवंशी जी, दशरथ प्रजापति, सुधा चौधरी, मिथलेश तिवारी और अमजद अली ने शेरू की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Articles

Back to top button