Uncategorized

घर में पंखे से लटका मिला 28 वर्षीय युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप

महराजगंज,पनियरा थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय युवक का शव उसके ही घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान दीपक चौहान (पुत्र चंद्रिका चौहान) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि दीपक चौहान पिछले काफी समय से घर में अकेले रह रहा था। उसके पिता चंद्रिका चौहान और सौतेली मां किरण चौहान जमीन के बंटवारे को लेकर चले आ रहे विवाद के चलते घर छोड़कर अपने ससुराल में रह रहे थे। पारिवारिक कलह और तनाव के कारण दीपक घर में अकेला पड़ गया था, जबकि उसकी बड़ी बहन दीपना की शादी पहले ही हो चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद दीपक के घर के अंदर चली गई। दरवाजा खुला होने पर जब बच्चे गेंद लेने कमरे में दाखिल हुए, तो अंदर का मंजर देखकर वे दहशत में आ गए। कमरे में दीपक का शव पंखे से लटका देख बच्चों ने शोर मचा दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button