Uncategorized

मकर संक्रांति को लेकर महराजगंज प्रशासन अलर्ट, मिनी गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा

ज़ी न्यूज़
महराजगंज,मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। चौक स्थित प्रसिद्ध मिनी गोरखनाथ मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना से बचा जा सके।

भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है तथा चौक क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, महिला पुलिस बल की तैनाती, चिकित्सा दल और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी चढ़ाने के लिए नेपाल से भी हजारों श्रद्धालु महराजगंज पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सीमा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button