वायरल फोटो पर सियासी हलचल, देवरिया में मंत्री दयाशंकर सिंह के पैर छूते दिखे अधिकारी
देवरिया।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं देवरिया के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह का एक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल तस्वीरों में देवरिया के एआरटीओ मंत्री का पैर छूते हुए नजर आ रहे हैं, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मामला मंगलवार का बताया जा रहा है, जब मंत्री दयाशंकर सिंह देवरिया जिले में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान भागलपुर पुल के समीप अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद कुछ अधिकारियों द्वारा मंत्री के पैर छुए जाने का दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो और फोटो सामने आने के बाद प्रशासनिक मर्यादा और अफसरशाही की भूमिका को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, इस पूरे प्रकरण पर अभी तक न तो मंत्री की ओर से और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे शिष्टाचार से जोड़कर भी देख रहे हैं। फिलहाल, वायरल तस्वीरें और वीडियो देवरिया की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।