Uncategorized

जन-सुरक्षा को लेकर सिविल डिफेंस ने किया ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का अभ्यास

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। सिविल डिफेंस की ओर से हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार की शाम 6 बजे से 6:10 बजे तक पुलिस लाइन मैदान में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट क्षेत्र, पुलिस लाइन एवं आसपास के इलाकों सहित पूरे शहर में पूर्ण प्रकाश प्रतिबंध लागू रहा।

ब्लैक आउट का उद्देश्य संभावित हवाई हमले की स्थिति में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, आवासीय क्षेत्रों, सड़कों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। अभ्यास के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रखकर आपातकालीन बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया। यह मॉक ड्रिल सिविल डिफेंस कोर जौनपुर के सहयोग से संपन्न हुई।

प्रशासन द्वारा पूर्व में ही नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की गई थी कि निर्धारित समय में सभी प्रकार की लाइटें बंद रखें, घरों में ही रहें तथा टॉर्च, मोबाइल फ्लैश, माचिस आदि का प्रयोग न करें। कहीं से प्रकाश बाहर न जाए, इसके लिए खिड़कियों को ढकने की भी सलाह दी गई थी।

मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे पराक्रम दिवस के तहत इस अभ्यास का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में समन्वय, सतर्कता और शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन अत्यंत आवश्यक है। भूतपूर्व सैनिकों की सहभागिता ने अभ्यास को और प्रभावी बनाया।

नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन डॉ. मनोज वत्स ने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों को पहले से दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिससे अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सीओ सिटी आईपीएस गोल्डी गुप्ता सहित पुलिस, अग्निशमन, विद्युत, स्वास्थ्य, परिवहन विभाग, आपदा मित्र एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button