गणतंत्र दिवस को लेकर घुघली थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
ज़ी न्यूज़
महराजगंज,आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर घुघली थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा दिन-रात लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस टीमों ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा, “आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।”
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।