घनश्यामपुर बाजार में जीएसटी चोरी का खुलासा,दुकानदार पर 50 हजार का जुर्माना
जी न्यूज 7 अंकित दूबे

बदलापुर, जौनपुर।
घनश्यामपुर बाजार में बालू, सीमेंट व गिट्टी की दुकान संचालित करने वाले केशरी सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह, निवासी भटेहरा के खिलाफ राज्य कर विभाग ने जीएसटी चोरी के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। जांच में कर अपवंचन की पुष्टि होने पर संबंधित व्यापारी को 50 हजार रुपये का दण्ड लगाया गया है।
राज्य कर विभाग जौनपुर द्वारा जारी नोटिस के बाद की गई जांच में यह सामने आया कि व्यापारी द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार कर का समुचित भुगतान नहीं किया जा रहा था। इस पर जीएसटी मद में 25 हजार रुपये तथा सीजीएसटी मद में 25 हजार रुपये, कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई अपर आयुक्त ग्रेड-1, राज्य कर विभाग वाराणसी जोन द्वितीय के निर्देशन में की गई। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं विभाग ने सभी व्यापारियों को समय से सही कर भुगतान करने की सख्त हिदायत दी है।