Uncategorized

कड़ी निगरानी में शुरू हुई संस्कृत परीक्षा, 63 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा

  • उत्तर मध्यमा प्रथम खंड व पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड की परीक्षा का शुभारंभ
  • डीआईओएस ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

जी न्यूज़ घुघली
महराजगंज, घुघली -श्री नारंग संस्कृत महाविद्यालय में प्रथम पाली में उत्तर मध्यमा प्रथम खंड एवं पूर्व मध्यमा द्वितीय खंड की वार्षिक परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच प्रारंभ हुई। पहले दिन कुल 215 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 152 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 63 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का जायजा लेते हुए कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि शासन के निर्देशानुसार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करने की अनुमति न दी जाए तथा सभी परीक्षार्थियों पर सतत निगरानी रखी जाए। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं अनुशासन के विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

पहले दिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति को कड़ी निगरानी और सख्ती का परिणाम माना जा रहा है। इस दौरान केंद्र पर अंशुल सिंह, किरण जायसवाल, संगीता कुमारी, मंजेश नारायण उपाध्याय एवं शैलेंद्र मणि त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षण व प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहे। परीक्षा निर्धारित तिथियों तक जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button