भरवलिया में विष्णु महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
जी न्यूज़ घुघली


महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा भरवलिया में सोमवार को विष्णु महायज्ञ के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं और कन्याओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कलश यात्रा ग्राम सभा भरवलिया से शुरू हुई, जो रामपुर मोड़ पहुंची। यहां ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। रानी ज्वेलर्स के मालिक सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को मीठा पानी पिलाकर सेवा की।
इसके बाद यात्रा कफवा और जोगिया मोड़ होते हुए घुघली स्थित बैकुंठी धाम पहुंची। वहां विधि-विधान से पूजा-पाठ और मंत्रोच्चारण किया गया। पूजा-अर्चना के बाद हजारों कन्याओं ने गंगा जल से भरे कलश को सिर पर रखकर पैदल ही पुनः ग्राम सभा भरवलिया की ओर प्रस्थान किया।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। महायज्ञ को सफल बनाने के लिए गांव के लोगों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।