नौतनवा। चैत रामनवमी और पवित्र रमजान के महापर्व को देखते हुए
G New
संवादाता
कुलसुम नौतनवा
जिला महराजगंज

सोनौली कोतवाली परिसर में पुलिस और प्रशासन की ओर से धर्म गुरुओं तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रामनवमी पर्व और रमजान के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का माहौल बनाए रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था।
बैठक की अध्यक्षता नौतनवा के उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने की। इस दौरान सोनौली थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से धर्म गुरुओं और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों से अपील की गई कि रामनवमी पर्व और रमजान के पवित्र महीने में सभी लोग आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना के साथ त्योहार मनाएं तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने कहा कि चैत रामनवमी और रमजान का महीना त्याग, संयम और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे में सभी लोगों को मिल-जुलकर इस पवित्र पर्व को मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने कहा कि पर्व के देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। रामनवमी और रमजान के दौरान मंदिर और मस्जिदों आदि प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें।
बैठक के दौरान उपस्थित धर्म गुरुओं और समाज के प्रमुख लोगों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी लोगों को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही त्योहार को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का संदेश भी देंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, धर्म गुरु और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि रामनवमी पर्व और रमजान का पवित्र पर्व पूरे क्षेत्र में शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा।