UP Politics:
BJP के लिए मुसीबत बन रहे ओम प्रकाश राजभर, अखिलेश यादव को पसंद आएगी सुभासपा प्रमुख की ये बात

ओम प्रकाश राजभर ने अब बीजेपी सरकार पर जमकर जुबानी हमले बोल रहे हैं. उन्होंने अतीक अहमद की हत्या पर बड़ा बयान दिया है.
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर अपने बयानों को लेकर हर दिन सुर्खियों में बने रहते हैं. अब ओपी राजभर ने अपने ताजा बयान में सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जबरदस्त जुबानी हमले बोले हैं. उन्होंने योगी सरकार की एनकाउंटर कार्रवाई पर भी कई सवाल खड़ किए हैं. उन्होंने कहा है कि एनकाउंटर संविधान के दायरे में ही नहीं है.
सुभासपा प्रमुख ने कहा, “नहीं, योगी की नीति कहां पसंद है? ये संविधान के दायरे से हट कर है. एनकाउंटर संविधान के दायरे में नहीं आता है, ये संविधान से अलग है. पुलिस की मौजूदगी में अतीक अहमद और अशरफ की हत्या हुई है. ये संविधान के खिलाफ है. आप कानून के दायरे और संविधान के अनुसार उसको फांसी दे देते. आप उसको जो भी सजा दिलवाना चाहते हैं देते. उससे बीजेपी और योगी की छवि बढ़ती.”
संविधान में ऐसी बात नहीं
ओपी राजभर ने आगे कहा, “लेकिन उस घटना से किरकिरी हुई है. बीजेपी और योगी आदित्यनाथ की भी किरकिरी हुई है. संविधान में कहीं एनकाउंटर शब्द है? पुलिस की डायरी में एनकाउंटर है. लेकिन संविधान में ऐसी बात नहीं है.” दरअसल, बीते कुछ दिनों में ओम प्रकाश राजभर बीजेपी और योगी सरकार पर सवाल खड़े करते नजर आए हैं. कई मौकों पर उन्होंने बीजेपी सरकार की आलोचना की है.
दूसरी ओर सुभासपा प्रमुख बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकता को लेकर भी लगातार बयान दे रहे हैं. बीते दिनों ही उन्होंने कहा था, “अगर अखिलेश यादव कांग्रेस और बीएसपी के साथ गठबंधन करते हैं तो वो भी उस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगे.” बता दें कि इससे पहले बीजेपी और सुभासपा के बीच गठबंधन की चर्चा चल रही थी. हालांकि एक वक्त ओपी राजभर बीएसपी चीफ मायावती के भी संपर्क में थे. लेकिन अब बीजेपी और बीएसपी के साथ उनके गठबंधन की चर्चा खत्म हो चली है.