बेतहाशा बढ़ती महंगाई के खिलाफ एस यू सी आई (कम्युनिस्ट) पार्टी का जोरदार विरोध प्रदर्शन
संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। बदलापुर। बार-बार डीजल पेट्रोल के दामों में बेतहाशा हो रही वृद्धि, तेजी से बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी, बिजली दुर्व्यवस्था, पेपर लीक, अपराधों में तेजी से वृद्धि सहित अन्य जन समस्याओं को लेकर एस.यू.सी.आई (कम्युनिस्ट) पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बदलापुर तहसील मुख्यालय पर जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस की शुरुआत सब्जी मण्डी स्थित पार्टी कार्यालय से की गई, जो नगर का भ्रमण करते हुए इन्दिरा चौक होते हुए तहसील परिसर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन में तब्दील हो गया। जहां पर माननीय प्रधानमंत्री महोदय को सम्बोधित चार सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी बदलापुर को सौंपा गया।
वक्ताओं ने कहा कि, देश भर में महंगाई व बेरोजगारी अपनी चरम सीमा पर है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है। ऐसे में डीजल – पेट्रोल के दामों में लगातार बार-बार वृद्धि करना जनहित के खिलाफ है। साथ ही साथ रसोई गैस, सीएनजी, बिजली, मोबाइल रिचार्ज, दूध, दवा सहित दैनिक जरूरत की चीजों के दामों में भी बढ़ोतरी की गई है। सरकार आम जनता के साथ चुनावों में किए गए वादों के अनुरुप कोई ठोस कदम न उठाकर उल्टे पूंजीपतियों के स्वार्थ में नीतियां बना रही है। परिणाम स्वरुप जन समस्याएं सुरसा की तरह मुंह बाये खड़ी हुई है और जन जीवन अस्त व्यस्त होता जा रहा है।
ऐसी विषम परिस्थितयों में जन आंदोलन ही एक मात्र रास्ता है। मेहनतकश वर्ग की एकमात्र भरोसेमंद क्रांतिकारी पार्टी- एस.यू.सी.आई (कम्युनिस्ट) मेहनतकश वर्ग के हितों को देखते हुए जन समस्याओं के खिलाफ जन आंदोलन को तेज करने की आम जनता से अपील करती है, और सरकार से मांग करती है कि
1) डीजल-पेट्रोल के दामों में बार-बार की गई वृद्धि तुरंत वापस लो।
2) दैनिक आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करो।
3) बेतहाशा बढ़ती महंगाई पर रोक लगाओ।
4) सभी बेरोजगारों को रोजगार दो।
5) सार्वजनिक क्षेत्रों का निजीकरण बंद करो।
6) मनमाना बिजली बिल भेज कर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव देना बंद करो।
कार्यक्रम को रविशंकर मौर्य (राज्य सचिव), अशोक कुमार खरवार (जिला सचिव), इन्दुकुमार शुक्ल, प्रमोद कुमार शुक्ल, राजेन्द्र प्रसाद तिवारी व मिथिलेश कुमार मौर्य ने सम्बोधित किए। संचालन- दिलीप कुमार ने किया। इस अवसर पर राजबहादुर विश्वकर्मा, लालताप्रसाद मौर्य, रवीन्द्र पटेल, रामलाल, शिवप्रसाद विश्वकर्मा, विजयप्रकाश गुप्त, संतोष कुमार प्रजापति, किरन शुक्ल, मीता गुप्ता, अनुष्का शुक्ल, अपर्णा शुक्ल, अमरनाथ दूबे, आजाद गुप्ता, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।