जिलाधिकारी ने नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
घुघली समाचार
कुशीनगर: नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद में सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। यह परीक्षा दिनांक 08 जून 2026 से 10 जून 2026 तक जनपद के कुल पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ किसान इंटर कॉलेज, साखोपार स्थित परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज एरिया एवं निगरानी व्यवस्था की गहन जांच की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा सके तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वे पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर इससे समझौता नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं निगरानी व्यवस्था तैनात की गई है। परीक्षा प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने, अफवाह फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।