शराब के नशे में धुत कलयुगी बेटे ने पिता पर किया हमला, सिर में आई गंभीर चोट, मामला दर्ज
घुघली महराजगंज थाना क्षेत्र के मेदनीपुर टोला खुशहालनगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में बुजुर्ग पिता का सिर फट गया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मेदनीपुर टोला खुशहालनगर निवासी हरीनारायण का अपने पुत्र नरसिंह वर्मा से पैसों को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। घटना के दिन नरसिंह अत्यधिक शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा और आते ही अपने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बुजुर्ग पिता हरीनारायण ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो नरसिंह आपा खो बैठा। उसने अपने पिता पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा।
इस दौरान उसने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। नरसिंह के हमले से बुजुर्ग हरीनारायण के सिर में गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद बीच-बचाव कर नरसिंह के चंगुल से पीड़ित पिता को छुड़ाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पुत्र नरसिंह वर्मा के खिलाफ मुकदमा संख्या 0132/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3) और 352 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया गया है और “आरोपी युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। और आगे की कानूनी जांच व वैधानिक कार्रवाई जारी है।”
जी न्यूज़ घुघली