बेसिक शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण में चार शिक्षक मिले अनुपस्थित, विभागीय कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सोमवार को जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए ने सुबह करीब 10:30 बजे विकास खंड मुंगराबादशाहपुर स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय सटवा का निरीक्षण किया। यहां तीन शिक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद विकास खंड मड़ियाहूं के प्राथमिक विद्यालय परशूपुर का निरीक्षण किया गया, जहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और शिक्षण कार्य संतोषजनक पाया गया। वहीं पीएम श्री विद्यालय कुरनी के निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण कार्य में लापरवाही, समय पर विद्यालय न पहुंचने अथवा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी शिक्षकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।