कप्तानगंज के काली माता मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर


कप्तानगंज (कुशीनगर)। नगर पंचायत कप्तानगंज स्थित जनता मार्केट के प्राचीन काली माता मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन जनता मार्केट के सभी दुकानदारों एवं मंदिर के पुजारी वेदप्रकाश पाण्डेय के सहयोग से संपन्न हुआ। भंडारे में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे का शुभारंभ विधि-विधान से माता काली के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित नगर के सैकड़ों श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और माता काली के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग स्टाल की व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रसाद वितरण सुचारु रूप से हो सके और किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से प्रसाद ग्रहण कराया।
मंदिर के पुजारी वेदप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि काली माता मंदिर में जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और पूर्ण श्रद्धा के साथ अपनी मनोकामना लेकर आता है, माता उसकी इच्छा अवश्य पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि माता काली अपने भक्तों पर सदैव कृपा बनाए रखती हैं और उनकी हर बाधा को दूर करती हैं।
भंडारे के सफल आयोजन में जनता मार्केट के सभी दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।