मिश्रौली बाजार में जिला पंचायत निधि से बना लाखों का आरओ प्लांट बंद, ग्रामीणों में आक्रोश
संवाददाता: सिरजेश यादव


पडरौना, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के विकासखंड पडरौना अंतर्गत ग्राम सभा दल बहादुर छपरा के टोला आधार छपरा स्थित मिश्रौली बाजार में जिला पंचायत निधि से लाखों रुपये की लागत से स्थापित आरओ (शुद्ध पेयजल) प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर आरओ प्लांट लगाया गया, लेकिन आज तक इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल सका। प्लांट बंद रहने से सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और लोगों को मजबूर होकर दूसरे स्रोतों से पानी लेना पड़ रहा है।
ग्रामीण दूधनाथ वर्मा, राकेश जायसवाल, बलराम यादव, सुभाष गौतम, छठ्ठू कुमार वर्मा, रामाशीष गौतम, अक्षयबर वर्मा, शैलेश कुमार गौतम, मैनेजर जायसवाल एवं शैलेश कुमार जायसवाल ने प्रशासन से मांग की है कि आरओ प्लांट को जल्द से जल्द चालू कराया जाए तथा यदि निर्माण या संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो उसकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की जनहित योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब ऐसी सुविधाएं समय पर संचालित हों। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरओ प्लांट चालू नहीं कराया गया तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।