Uncategorized

तमकुहीराज में टोल बैरियर तोड़कर दौड़ी तेज रफ्तार लग्जरी कार, स्कूटी सवारों को मारी टक्कर; दो छात्रों की मौत, कई घायल

घुघली समाचार
जिला संवाददाता
राहुल विश्वकर्मा

कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मंझरिया के पास तेज रफ्तार लग्जरी कार ने टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए सड़क पर जमकर तांडव मचाया। हादसे में स्कूल से घर लौट रहे स्कूटी सवार छात्रों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो छात्रों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बिहार की ओर से उत्तर प्रदेश की तरफ आ रही लग्जरी कार ने टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ दिया और तेज रफ्तार में आगे बढ़ गई। इसी दौरान सड़क पर जा रहे स्कूटी सवार लोग कार की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्घटना करने वाले वाहन चालक को कब्जे में लिया। वहीं उपनिरीक्षक रनवीर सिंह, उपनिरीक्षक आदर्श मिश्रा और दीवान हेमंत ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल एक वाहन पर नंबर अंकित नहीं था, जबकि दूसरे वाहन पर नंबर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

हादसे में दो छात्रों की मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Related Articles

Back to top button