डोल मेला को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, आयोजकों और डीजे संचालकों के साथ हुई बैठक
राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर
घुघली समाचार

कुशीनगर, डोल मेला के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को थाना कोतवाली हाटा परिसर में डोल मेला के आयोजकों एवं डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित गोष्ठी में उपजिलाधिकारी कसया तथा क्षेत्राधिकारी कसया अजय कुमार सिंह ने आयोजकों और डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मेला स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, भीड़ को नियंत्रित रखने, ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी कसया अजय कुमार सिंह ने कहा कि डोल मेला को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आयोजकों एवं डीजे संचालकों से प्रशासन और पुलिस का पूर्ण सहयोग करने की अपील की, ताकि मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को टाला जा सके और क्षेत्र में अमन-शांति कायम रहे।
पुलिस-प्रशासन की अपील: मेला आयोजन के दौरान सभी लोग निर्धारित नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।