कौशांबी में महिला कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत
कौशांबी के महिला थाने में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। 26 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका की अपनी ही राइफल से गोली लगने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रियंका थाने में पहरेदारी कर रही थी। इसी दौरान कुर्सी पर बैठते समय अचानक राइफल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

गोली गले को चीरते हुए जबड़े को फाड़कर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मी आनन-फानन में प्रियंका को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रियंका गाजीपुर के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता का नाम रविंद्रनाथ यादव बताया गया है। करीब तीन महीने पहले ही उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग पूरी की थी। ट्रेनिंग के बाद कौशांबी महिला थाने में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी और जून के आखिरी सप्ताह में उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन की थी।