पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जमीन पर टिके थे पैर; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
रिपोर्ट: श्रवण कुमार शर्मा

महाराजगंज/ निचलौल : थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगदही गांव के पास खेत किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे शनिवार सुबह युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव की सबसे चौंकाने वाली स्थिति यह थी कि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। पास ही एक बाइक भी बरामद हुई। परिस्थितियों को देखकर ग्रामीणों ने युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव यहां लटकाए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई,सुबह टहलने निकले लोगों ने खेत के किनारे पेड़ से लटका शव देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आसपास के इलाके की जांच की। मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। शव से कुछ दूरी पर बाइक मिलने के बाद घटना और भी रहस्यमय हो गई है। युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।