स्वच्छता मिशन को आईना दिखा रही माधव नगर तुर्कहिया की तस्वीरें, गांव की सड़कों पर कूड़े का अंबार
G news संवाददाता अमरनाथ शर्मा निचलौल
महराजगंज। जनपद महराजगंज के विकासखंड निचलौल अंतर्गत ग्राम सभा माधव नगर तुर्कहिया में स्वच्छता मिशन की जमीनी हकीकत को बयां करती तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। गांव की सड़क पर फैला कूड़ा-कचरा स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
वीडियो में गांव की सड़क के दोनों किनारों पर जगह-जगह प्लास्टिक, घरेलू कचरा और गंदगी दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर कूड़े का ढेर जमा है, जबकि रास्ते के किनारे उगी झाड़ियां और बिखरा कचरा ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति को उजागर कर रहे हैं।
सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन माधव नगर तुर्कहिया की ये तस्वीरें धरातल पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
अब सवाल यह है कि ग्राम पंचायत में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता जागरूकता अभियान की जिम्मेदारी निभाने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी कितनी प्रभावी है?
ग्रामीणों की सुविधा और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गांव में नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराए जाने की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा है कि मामले का स्थलीय निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए।
सवालों के घेरे में स्वच्छता व्यवस्था, जवाबदेही तय होने का इंतजार।