कुशीनगर में पुलिस झंडा दिवस पर एसपी केशव कुमार ने फहराया पुलिस ध्वज, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

जनपद कुशीनगर में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर गरिमामय समारोह में पुलिस ध्वज फहराया और ध्वज को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के अमूल्य योगदान को नमन किया।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश जनपद के समस्त पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया। संदेश में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न सराहनीय अभियानों एवं उपलब्धियों, जैसे मिशन शक्ति, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास तथा पुलिस भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित में और अधिक संवेदनशीलता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।