उद्घाटन मैच में आजमगढ़ ने पटना को नौ विकेट से हराया
स्व.कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में 16वें वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ


शहर में निकली प्रभात फेरी,पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
फोटो परिचय: पडरौना शहर के यूएनपीजी कॉलेज के खेल मैदान क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर शुभारंभ करते पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह
पडरौना,कुशीनगर।
शहर के यूएनपीजी कॉलेज के खेल मैदान में पडरौना क्रिकेट क्लब द्वारा 16वें वर्ष स्व. कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में रविवार को क्वालिटी टीवीएस कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन मैच से पूर्व शहर में प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद खेल मैदान पर क्रिकेट का भव्य शुभारंभ किया गया। पटना और आजमगढ़ के बीच उद्घाटन मैच खेला गया। इसमें पटना की टीम को नौ विकेट से पराजित कर आजमगढ़ की टीम ग्रुए ए से सेमीफाइनल में पहुंच गई। मैच में 83 रनों की शानदार पारी खेलने वाले आजमगढ़ के खिलाड़ी आर्यन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मोबाइल फोन दिया गया।
पटना टीम के कप्तान जीतू यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पटना की तरफ सलामी बल्लेबाज आकाश सिंह और निखिल सिंह जब तक विकेट पर टिके रहे, तब तक रन गति में इजाफा होता रहा। 44 रन के स्कोर पर पटना की टीम का पहला विकेट गिरा तो इसके बाद खेलने आये सोनू ने आतिशी पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचा दिया। सोनू का विकेट गिरते ही पटना की टीम लड़खड़ा गई और एक के बाद एक खिलाड़ी आसानी से विकेट गंवाते चले गए। निर्धारित 25 ओवर के मैच में 22वें ओवर की गेंदबाजी में ही पटना की टीम 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पटना के बल्लेबाजों में आकाश सिंह ने 25, निखिल ने 15, सोनू ने 60 और जीतू यादव ने 11 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं, आजमगढ़ की तरफ से गेंदबाजी करते हुए फुरकान व वीरेंद्र ने तीन-तीन,आकाश ने दो, पवन व अरशद ने एक-एक विकेट लिये। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे आजमगढ़ के सलामी बल्लेबाज अभय व आर्यन ने पारी की शुरुआत की। अभय के रूप में 14 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा तो उनकी जगह खेलने आये शैलेंद्र ने मैच को जीत दिलाने में भूमिका निभाई। आर्यन के 83 और शैलेंद्र के 54 रनों की शानदार पारी की बदौलत आजमगढ़ की टीम पटना को नौ विकेट से हराकर अगले राउंड में प्रवेश कर गई। पटना की तरफ से गेंदबाज सोनू ने एक विकेट हासिल किया। अंपायर सूरज और अंकित रहे। कमेंट्री प्रिंस तिवारी व स्कोरिंग अभिषेक गैरी, पंकज बर्नवान ने की। इससे पूर्व क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत शहर में प्रभातफेरी निकालकर की गई। प्रभात फेरी को नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के तिलक चौक तक भ्रमण करने के बाद प्रभात फेरी वापस खेल मैदान पर पहुंची। यहां मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह,बुद्ध पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अमृतांशु शुक्ल,उप निबंधक पडरौना अजय कुमार सिंह,समाजसेवी दीपनारायण अग्रवाल,डॉ. आशीषधर द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व आसमान में गुब्बारा,कबूतर छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मन्नू सिंह चंदेल,नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल बुलबुल, सतीश साहा, इंद्रजीत जायसवाल बबलू, ऋषिकेश मिश्र, समशेर मल्ल,पाली चौरसिया, सज्जाद अली,नीरज सिंह बिट्टू,गुड्डू अंसारी,अजय साहा, लिंकन सिंह,चंदन जायसवाल,विकास जायसवाल,धीरज पाठक, रितेश मल्ल,अभय प्रताप सिंह,आजाद अली, अविनाश श्रीवास्तव, मनीष गुप्ता,विकास वर्मा, अनीष आलम,मुन्ना अली, जितेंद्र साहा,सुरेश रावत, समीर अग्रवाल, किशन साहा आदि मौजूद रहे।
सुखसगर की रिपोर्ट