ब्रेकिंग न्यूज़ कुशीनगर
भारी बारिश में गिरा जर्जर मकान, बच्ची सहित सात घायल

महराजगंज जिले के टेढ़ी गंगापुर में बुधवार को एक जर्जर कटरैन का मकान ढह गया जिसमें एक ही परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। भोजन करते समय हुए इस हादसे में दबे लोगों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया जहाँ से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने घटनास्थल का जायजा लिया।
महराजगंज। जिले में भारी वर्षा के कारण ग्राम पंचायत टेढ़ी गंगापुर में बुधवार की सुबह करीब 10 बजे जर्जर मकान भरभराकर गिर गया, मलवे में दबने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गम्भीर देखते हुए घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है। घायलों में एक बच्ची, तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेढ़ी गंगापुर में महेंद्र के स्वजन करीब 10 बजे दिन में कटरैन के घर में एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूरा मकान गिर गया। जिसमें परिवार के सभी लोग दब गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
आस-पास के लोग मौके पर पहुंच कर मदद में लग गए घर के मुखिया महेंद्र ने बताया कि वर्षा हो रही थी। परिवार के सभी सदस्य मकान में बैठ कर एक साथ भोजन कर रहे थे। अचानक पूरे मकान की दीवार, सीमेंट सीट गिर गई। घटना में शांति देवी, सुनीता पत्नी महेंद्र, विनय, अनुष्का, मीरा, जनकराज एवं महेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गए।
चिकित्सक डा. जैनेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महेंद्र को छोड़ कर बाकी घायलों की हालत गंभीर है। मौके पर पहंचे नौतनवा नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, लेखपाल मनोज पाल ने घटना स्थल का जायजा लिया। तहसीलदार ने बताया कि शासनादेश के मुताबिक नियमानुसार पीड़ितों को अहेतुक सहयोग उपलब्ध कराई जाएगी।
संवाददाता अरुण गुप्ता