Uncategorized

पुलिस लाइन में हुआ ध्वजारोहण, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी किए गए सम्मानित

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और जवानों को सम्मानित भी किया।
जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे वीर सपूतों के बलिदान और लंबे संघर्ष का परिणाम है। महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ने वाले सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है और वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कुसुमलता सोनकर, राहुल पाठक, दीपक देव पाठक, प्रद्युम्न एंड टीम, विवेक मिश्रा वरदान सहित अन्य कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संचालन सलमान शेख ने किया, जिन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट, विकास भवन, समस्त तहसीलों, विकास खंडों एवं नगर पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

Related Articles

Back to top button