कुशीनगर के कसया डोर मेला कलाकार के मौत के मामले में कमेटी के 11 सदस्यों को मुकदमा दर्ज
दीनदयाल पाण्डेय
मंडल क्राइम
ब्यूरो गोरखपुर

तीज के अवसर पर तमकुहीराज कस्बे में आयोजित परम्परागत डोल मेला में निकाली गई झांकी में भगवान शंकर का किरदार निभा रहे कसया थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी रामबहल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में तमकुहीराज पुलिस ने कार्रवाई की है।
आयोजक मंडल के सदस्यों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद तमकुहीराज पुलिस घटना की विवेचना में जुटी हुई है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से मेला आयोजकों में हड़कंप की स्थिति है। बीते 27 अगस्त को तमकुहीराज कस्बे में आयोजित डोल मेले में महावीरी अखाड़ा नंबर वन पल्स धुरिया इमिलिया द्वारा निकाली गई झांकी के दौरान भगवान शंकर का किरदार निभा रहे कसया थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी 21 वर्षीय रामबहल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्र ने डोल मेला में बजाए जा रहे साउंड आदि को लेकर काफी नाराजगी जाहिर की। पुलिस प्रशासन से एहतियात बरतने का निर्देश दिया था। घटना में मृतक रामबहल के शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की तफ्तीश में जुटी हुई थी। वहीं घटना के बाद मृतक का परिवार सदमे में चला गया था। इसी बीच मृतक के पिता गिरधारी पुत्र बेचू ने तमकुहीराज पुलिस सहित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि मेला आयोजकों की लापरवाही के कारण डीजे साउंड में उतरे करंट के कारण उनके पुत्र रामबहल की मौत हुई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तमकुहीराज पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मेला आयोजक मंडल के 9 लोगों के साथ ही डीजे ऑपरेटर एवं ट्रैक्टर चालक सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से धुरिया इमिलिया के महावीरी अखाड़ा वन पल्स के आयोजकों में हड़कंप की स्थिति है। इस संबंध में थानाध्यक्ष तमकुहीराज सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की विवेचना की जा रही है।