Uncategorized

बदलापुर महोत्सव में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

मंत्री असीम अरुण बोले– बिना भेदभाव के संपन्न कराए जा रहे विवाह

प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने किया 36 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

जौनपुर। बदलापुर के सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज प्रांगण में शनिवार को सातवें बदलापुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास और सामाजिक समरसता के बीच हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण सामूहिक विवाह समारोह रहा, जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की रस्मों के साथ विधिवत संपन्न कराया गया।
मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश शिव प्रताप शुक्ला ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “जहां पंडित वैदिक मंत्रों से विवाह संपन्न करा रहे हैं, वहीं मौलवी निकाह की रस्म निभा रहे हैं—यही गंगा-जमुनी तहज़ीब उत्तर प्रदेश की पहचान है।”

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में सामूहिक विवाह योजना समाज के कमजोर वर्गों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह की एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि “यह ‘सबका साथ, सबका विकास’ का जीवंत उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के विवाह संपन्न कराए जा रहे हैं।”

कार्यक्रम के दौरान कुल 05 मुस्लिम जोड़ों सहित दर्जनों जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। नवविवाहित जोड़ों को प्रमाणपत्र, बिछिया, पायल, साड़ी, गृहस्थी का सामान और पौधा भेंट किया गया। विवाह संपन्न कराने वाले पंडितों और मौलवियों को अंगवस्त्र और दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक बदलापुर रमेश मिश्रा, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिन्सू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जिन पर लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया। दिव्यांगजन को 20 ट्राइसाइकिल, 2 व्हील चेयर, 4 हियरिंग एड, 2 स्मार्ट कैन, 5 एमआर किट और 2 बैसाखी का वितरण भी किया गया।

शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय और आमंत्रित कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

महोत्सव के दूसरे सत्र में प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने बदलापुर पहुंचकर महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने करीब 36 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें पेयजल आपूर्ति, इंटरलॉकिंग मार्ग, ओपन जिम, पुस्तकालय, पार्क व मूर्ति स्थापन, सीवरेज, जल निकासी, नाला निर्माण और सीसी रोड जैसी जनसुविधा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने कहा, “बदलापुर महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनभावनाओं, सामाजिक एकता और विकास का संगम है। यह बताता है कि जनता की एकजुटता और प्रशासन की प्रतिबद्धता मिलकर क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई दे सकती है।”

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सम्मान से जुड़ी सामाजिक पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि हर जनपद और हर गांव विकास और स्वावलंबन का मॉडल बने।

इस अवसर पर पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह, महामंत्री सुनील तिवारी, ब्लॉक प्रमुख श्रवण कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button